अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय।
- फोटो : mathura
मंडी। डॉ. देवी चंद मेमोरियल ओरेशन प्रोग्राम इस बार अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय नेरचौक के माध्यम से चलेगा। इसके लिए डॉ. देवी चंद मेमोरियल ट्रस्ट ने विवि प्रबंधन से आग्रह किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। इससे पहले यह कार्यक्रम आईजीएमसी शिमला में होता था।
इस कार्यक्रम में देश के जाने-माने चिकित्सा विशेषज्ञों को बुलाया जाता है और वे चिकित्सा क्षेत्र में हुए अनुसंधानों के बारे में भी जानकारी देते हैं। यह कार्यक्रम मेडिकल साइंस के क्षेत्र में कार्य कर रहे या फिर पढ़ाई कर रहे लोगों के लिए बेहद खास होता है। उधर अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सुरेंद्र कश्यप ने बताया कि डॉ. देवी चंद मेमोरियल ट्रस्ट ने इस ओरेशन को इस बार यूनिवर्सिटी के माध्यम करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे प्रबंधन ने स्वीकार कर लिया है। इस वर्ष इसका आयोजन यूनिवर्सिटी द्वारा ही किया जाएगा।
कौन थे डॉ. देवी चंद
स्व. डॉ. देवी चंद देश के जाने-माने फिजिशियन थे। वह देश के पहले प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहर लाल नेहरू के भी व्यक्तिगत फिजिशियन रह चुके हैं। वह आईजीएमसी यानी उस वक्त के स्नोडन अस्पताल के एसएस रह चुके हैं। उनके परिवार ने उनके निधन के बाद उनके नाम से मेमोरियल ट्रस्ट चलाया था। उनकी तीसरी पीढ़ी आज इस ट्रस्ट का संचालन कर रही है।