जोगिंद्रनगर में कार की टक्कर से 9 साल के मुकुल के अंतिम संस्कार में रो पड़ा गांव
मां-बाप का विलाप देख नम हुईं आंखें
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। मंडी-पठानकोट हाईवे पर मोहन घाटी में कार की चपेट में आने से जान गंवाने वाले 9 वर्षीय मासूम मुकुल की अंतिम विदाई में शनिवार को काफी संख्या में लोग पहुंचे। जिस मासूम की हंसी से कभी पूरा गांव गूंजता था, उसी की अर्थी को कंधा देते समय पूरा गांव फूट-फूटकर रो पड़ा। बेटे को खोने के गम में मां बार-बार बेसुध होती रही, वहीं पिता भी बेटे के शव से लिपटकर बिलखते रहे।
शनिवार सुबह मासूम के अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच पूरे गांव में मातम पसरा रहा। मोहन घाटी के साथ आसपास के गांवों से भी सैकड़ों लोग मुकुल के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। स्कूल के विद्यार्थी, शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि और क्षेत्र के लोग नम आंखों से मासूम को अंतिम विदाई देने पहुंचे। घर के आंगन में बेटे का शव देखकर मां रणजीता कुमारी खुद को संभाल नहीं पाई। वह बार-बार मुकुल के सिर पर हाथ फेरकर उसे पुकारती और बिलख-बिलखकर रोने लगती। मां की ममता और बेबसी का यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। जब बेटे की अर्थी उठाने का समय आया तो मां गम सहन नहीं कर पाई और बेसुध होकर गिर पड़ीं। वहीं, पिता अमित कुमार बेटे के शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोते रहे। इस हृदयविदारक दृश्य ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। मुकुल के शिक्षकों ने बताया कि वह पढ़ाई में बेहद होशियार था। उसकी असमय मौत से स्कूल में भी शोक की लहर है। मोहन घाटी स्थित मोक्षधाम में अंतिम संस्कार के दौरान मासूम के बड़े भाई दिव्यांशु ने चिता को मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं।
दिवाली से ठीक पहले हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। मासूम मुकुल की मौत के गम में शनिवार को भी पूरे जोगिंद्रनगर उपमंडल में शोक की लहर छाई रही।