पंजाई-थलौट मार्ग पर सारली में सेब से लदी पिकअप 200 फीट गहरी खाई में गिरी। स्त्रोत- जागरूक पाठक
बालीचौकी (मंडी)। पुलिस थाना औट के अंतर्गत पंजाई-थलौट मार्ग पर सारली के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां सेब से लदी एक पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत यह रही कि वाहन में सवार तीनों लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें हल्की चोटें आई हैं।
पिकअप गाड़ी सेब की खेप लेकर पंजाई से थलौट की तरफ आ रही थी। जैसे ही गाड़ी छेत में पहुंची तो चालक अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधी गहरी खाई में जा समाई। गाड़ी के खाई में गिरने की जोरदार आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को मुस्तैदी से बाहर निकालकर नगवाईं अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घायल तीनों व्यक्तियों का इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं। घटना की सूचना मिलते ही औट पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में जांच जारी है। संवाद