डैहर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश जल बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा ने 20 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में विभागाध्यक्षों की गैरहाजिरी पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठकें औपचारिकता मात्र नहीं हैं। संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति आवश्यक है, जिससे योजनाओं के कार्यों और लाभार्थियों की सही जानकारी मिल सके।
शर्मा ने गैरहाजिर अधिकारियों को भविष्य में ऐसी बैठकों को गंभीरता से लेने की चेतावनी दी। सुंदरनगर के पंचायत समिति सभागार में योजना विकास एवं 20 सूत्री कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता एसडीएम अमर नेगी ने की। बैठक में शशि शर्मा ने जलशक्ति विभाग के ''चलो गांव की ओर'' अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके तहत विभागीय अधिकारी सप्ताह में एक दिन गांवों में लोगों से मिलेंगे। वे उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। अभियान की शुरुआत मंडी जिले के बल्ह विधानसभा क्षेत्र से की जाएगी।
शशि शर्मा ने कहा कि विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा जरूरी है। बैठक से प्राप्त जानकारी और विभागों की प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को प्रस्तुत की जाएगी। इस अवसर पर जलशक्ति मंडल के अधिशासी अभियंता रजत गर्ग, विद्युत मंडल के अधिशासी अभियंता मोहित टंडन, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता चंदेल और खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. लाल सिंह समेत बीडीओ मनमोहन शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी विक्रांत जग्गा और सीडीपीओ पूनम चौहान भी मौजूद रहे।