मंडी के इंदिरा मार्केट स्थित संकन गार्डन में करवाया गया कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। भाषा एवं संस्कृति विभाग जिला मंडी और उतर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के संयुक्त तत्वावधान से इंदिरा मार्केट के संकन गार्डन में लुप्त होती लोक संस्कृति का उत्सव मनाते हुए 'लोक विरासत' कार्यक्रम करवाया। कार्यक्रम में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन मुख्यअतिथि के रूप में पधारे।
उतर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला की ओर से गुरु शिष्य परंपरा के तहत जिला मंडी में शहनाई वादन, वांठड़ा, लुड्डी इत्यादि प्राचीन लोक वादन और लोक नृत्यों का प्रशिक्षण और कार्यशालाएं लगाई गई हैं। तैयार किए गए शिष्य की प्रस्तुतियां कार्यक्रमों में करवाई गई। शहनाई वादन में पुलघराट के शेर सिंह व उनके शिष्यों ने प्रस्तुति दी। बाठड़ा लोक नृत्य में मस्त राम व उनके शिष्य, धर्मपुर से गोपाल ने चरकटी नृत्य में शिष्य तैयार किए।
लोक विरासत कार्यक्रम में प्राचीन परंपराओं को सहेजते हुए नागरी नृत्य, लुड्डी, चरकटी, बाठड़ा, शहनाई वादन की रंगारगं प्रस्तुतियां हुई। हिमाचल शोध संस्थान एवं नाट्य रंग मंडल सतोहल के कलाकारों द्वारा प्राचीन हस्त शिल्प व विवाह, जन्मोत्सव इत्यादि में होने वाले प्राचीन संस्कारों को दर्शाते हुए एक लघु नाटिका का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोक रीति-रिवाजों को सहेजने के साथ स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया। बांठड़ा की प्रस्तुति में बढ़ते नशे की चिंता को दर्शाया गया।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि सभी से आग्रह किया कि नशे की रोकथाम के लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर सहयोग करना है। ताकि नशे की बीमारी को समाज से मिटाया जा सके। जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया ने उतर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के कार्यक्रम अधिकारी राजेश बख्शी का आभार जताया।