समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ मनाया जश्न
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। सराज विधानसभा क्षेत्र की तांदी पंचायत में पंचायत प्रधान पद के चुनाव में भगत राम ठाकुर ने अपने प्रतिद्वंदी को 20 वोटों से हराया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ अपने नए प्रधान का जोरदार स्वागत किया और जगह-जगह फूल मालाओं से सम्मानित किया। इससे पहले भगत राम ठाकुर की पत्नी अमरा ठाकुर पंचायत प्रधान रह चुकी हैं। जबकि उनके बड़े भाई गुलाब सिंह ठाकुर भी इसी पंचायत से लगातार दो बार प्रधान का कार्यभार संभाल चुके हैं।
गुलाब सिंह ठाकुर के कार्यकाल को आज भी पंचायत में याद किया जाता है। उनके नेतृत्व में चलाए गए स्वच्छता अभियान के लिए पंचायत को राष्ट्रपति पुरस्कार तक मिल चुका है। प्रधान पद पर भगत राम ठाकुर के विजयी घोषित होते ही समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई। उपप्रधान पद पर भी इस बार कांटे की टक्कर देखने को मिली। उपप्रधान पद के उम्मीदवार दौलत राम मात्र 7 वोटों से विजयी घोषित हुए।