मंडी। राज्य में शांति और सद्भाव का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह बात पुलिस लाइन मंडी में जिला मंडी की कानून व्यवस्था तथा अपराध की स्थिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीजी अभिषेक त्रिवेदी ने कही।
बैठक में आईपीएस डीआईजी सेंट्रल रेंज मधू सूदन, आईपीएस एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री आदि अन्य अधिकारी उपस्थित थे। एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) ने पिछले एक साल में मंडी पुलिस की ओर से किए गए कार्यों की सराहना की।
कुल्लू, बिलासपुर, मंडी और बद्दी जिलों के गुरुद्वारों के विभिन्न प्रबंधन निकायों और स्थानीय सिख आबादी के 24 प्रतिनिधियों ने भी पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। सभी ने हाल ही में सोशल मीडिया में प्रसारित संदेशों में सिख पर्यटकों के साथ तथाकथित दुर्व्यवहार और सिख धार्मिक प्रतीक निशान साहिब का अनादर करने के मामले में पुलिस के हस्तक्षेप का अनुरोध किया।
राज्य में सभी धर्मों के तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में डीजीपी के संदेश से भी उन्हें अवगत कराया गया। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने अपील की कि वे मीडिया के विभिन्न माध्यमों में गलत सूचना फैलाने से बचें। संवाद