जोगिंद्रनगर बस अड्डे में दुर्घटनाग्रस्त हुई परिवहन निगम की बस और क्षतिग्रस्त कार के नजदीक एकत्र
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में गलमाठा के लिए जा रही यात्रियों से भरी बस स्टार्ट होते ही अनियंत्रित हो गई और सीधे चारदीवारी से जा टकराई। चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन बस पर नियंत्रण नहीं पा सका। इस दौरान बस स्टैंड में अफरातफरी मच गई। बस की चपेट में आकर एक कार और वाईफाई का खंभा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
गनीमत यह रही कि बस में सवार यात्रियों को चोटें नहीं आईं। मंगलवार को अवकाश के दिन बस स्टैंड में भीड़ नहीं थी। अगर वर्किंग डे में यह हादसा होता तो जानमाल का नुकसान हो सकता था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में अड्डे के बाहर पार्क कार में चालक भी सवार था। जो हादसे के महज कुछ क्षण पहले ही बाहर निकल आया था। हादसे की सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर सुरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। अस्पताल की 108 एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। हादसे का कारणों की पुलिस जांच कर रही है। जोगिंद्रनगर थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने बताया कि बस अड्डे में परिवहन निगम की बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर रवाना कर दिया था। हादसे के कारणों का पता लगा रहे हैं। बस चालक और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान कलमबद्ध कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।