मंडी के वल्ल्भ कॉलेज में जेएनयू प्रकरण पर बैठक करते अभाविप कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
मंडी। जेएनयू प्रकरण पर कांग्रेस और वामपंथी नेताओं की प्रतिक्रियाओं का अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद करारा जवाब देगी। इसके लिए परिषद कार्यकर्ता तिरंगा मार्च और पर्चा वितरण कर लोगों को जागरूक करेंगे। इसी कड़ी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मंडी इकाई में शुक्रवार को जनरल हाउस का आयोजन किया गया। अध्यक्षता एबीवीपी के प्रांत मंत्री आशीष सिक्टा ने की।
उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में भारत विरोधी नारे लगाए गए। जिस पर विपक्ष ने आरोपियों का समर्थन किया। विपक्ष और वामपंथी नेताओं की विचारधारा देश के लिए घातक है। घटना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद तिरंगा मार्च, पर्चा वितरण, कार्यशाला और जनरल हाउस का आयोजन कर छात्रों और आम जनता को जेएनयू प्रकरण की असलियत के प्रति जागरूक करेगी। देश के प्रतिष्ठित संस्थान में देश विरोधी नारे लगना निंदनीय है।
मंडी इकाई के अध्यक्ष हिमांशु व सचिव मनोज ने कहा कि अभियान के तहत छात्रों को जेएनयू प्रकरण के बारे में जागरूक किया जाएगा। छात्र नेताओं ने मामले के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग सरकार से की है।