बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर में पुराने एसडीएम कार्यालय को गिराकर उसी स्थान पर टाउन हॉल बनाने का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा है। नगर पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक सभागार की कमी को देखते हुए यह योजना तैयार की है। हालांकि, अभी प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली है और निर्माण के लिए बजट और समयसीमा भी तय नहीं हुई है। बड़सर को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद थी कि यहां शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा और सार्वजनिक जरूरतों के अनुरूप आधारभूत ढांचे का विकास किया जाएगा।
हालांकि, टाउन हॉल जैसी सुविधा का अभाव अब भी बना हुआ है। शहर में ऐसे सभागार की जरूरत महसूस की जा रही है, जहां सरकारी और गैर-सरकारी बैठकें, जनसंवाद कार्यक्रम, सामाजिक समारोह और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जा सकें। वर्तमान में सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए लोगों और विभिन्न संगठनों को उपयुक्त स्थान की व्यवस्था करनी पड़ती है। टाउन हॉल बनने से स्थानीय संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आम लोगों को एक व्यवस्थित सभागार उपलब्ध हो सकेगा। इससे विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी और लोगों को वैकल्पिक स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
पुराने एसडीएम कार्यालय को गिराकर वहां टाउन हॉल बनाने के संबंध में उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। - स्वाति डोगरा, एसडीएम बड़सर