सुंदरनगर (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जड़ोल में सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से होने से बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बीते ढाई महीने से जारी यह कार्य अभी पचास प्रतिशत तक भी नहीं हुआ है। बीते तीन दिनों से कार्य बंद है। निर्माण सामग्री खुले में पड़ी है।
इस कारण स्कूल परिसर में लगातार शोर, अव्यवस्था और खतरा बना रहता है। स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के प्रधान डिंपल राम और सदस्यों ने बताया कि दीवार बनने में हो रही देरी से स्कूल परिसर असुरक्षित बना हुआ है। निर्माण सामग्री बिखरी रहने से बच्चों की आवाजाही में खतरा पैदा हो रहा है। सुंदरनगर के एसडीएम अमर नेगी से जल्द कार्रवाई की मांग की है। सुंदरनगर एसडीएम अमर नेगी का कहना है कि स्कूल के बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इस एनएचएआई के अधिकारियों को दीवार का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश किए जाएंगे। संवाद