देवी-देवताओं के दर्शनों को खूब उमड़ा जन सैलाब
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। चौहारघाटी के आराध्य देव पशाकोट व अन्य देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के साथ तीन दिवसीय गलू मेला वीरवार दोपहर बाद संपन्न हो गया। समापन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर ने किया। उन्होंने देवताओं की पूजा कर शोभायात्रा में भाग लिया।
इस अवसर पर महिलाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। मेला समिति ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों को शॉल, टोपी व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। समिति अध्यक्ष ने बताया कि इस बार सांस्कृतिक संध्याओं में प्रदेशभर के कलाकारों को प्राथमिकता दी गई। मुख्य अतिथि ने कहा कि ऐसे मेलों से स्थानीय आर्थिकी मजबूत होने के साथ-साथ संस्कृति और परंपराएं भी जीवित रहती हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया।
पहलवानों ने दिखाया दमखम
गलू देवता मेले में दंगल आकर्षण का केंद्र रहा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल के नामी पहलवानों ने जोरदार मुकाबले किए। देर शाम तक चले दंगल को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।