नेरचौक (मंडी)। क्षेत्र के बड्याह गांव में अनुमति के बिना संचालित गोसदन में पशुओं के साथ कथित क्रूरता और लापरवाही के मामले में बल्ह पुलिस ने गोसदन मालिक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने गोसदन मालिक पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
पुलिस ने शनिवार को ग्रामीणों के बयान भी दर्ज किए। ग्रामीणों के बयान दर्ज करने के बाद यह सामने आया है कि गोसदन संचालक यहां लावारिस गोवंश को लाता था लेकिन उनकी सही तरीके से देखभाल नहीं करता था। मृत पशुओं को वह अपने खेतों में दबाता आ रहा था।
ग्रामीणों ने बताया कि मृत पशुओं को खेतों में दबाने से आसपास भारी बदबू फैल जाती थी। इस कारण लोग अपने खेतों में जाना भी छोड़ चुके थे। गोसदन में लापरवाही और क्रूरता के आरोप पर एसडीएम ने पुलिस के साथ निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कई गायों के कंकाल बरामद किए गए। मौके पर करीब 15 से अधिक मवेशी जीवित पाए गए, जिनमें से कई बीमार हालत में थे।
उधर, बल्ह थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वेटरनरी डॉक्टर व फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति साफ होगी। संवाद