मंडी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण पखवाड़े का जिला स्तरीय समापन समारोह कल्याण भवन मंडी में किया। समारोह में एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि आज के समय में स्वस्थ जीवन जीने के लिए संतुलित और पोषणयुक्त आहार अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किशोरियों के लिए पर्याप्त पोषण की आवश्यकता पर बल दिया। हम अपने दैनिक भोजन में हरी सब्जियों, मौसमी फलों, दालों, दूध और मोटे अनाज जैसे मिलेट्स को शामिल करें तो न केवल बीमारियों से बचा जा सकता है बल्कि संपूर्ण स्वास्थ्य में भी सुधार संभव है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय बदरेल ने पोषण अभियान के उद्देश्यों एवं लक्ष्यों से अवगत करवाया। विभागीय योजनाओं की जानकारी भी साझा की। जिला समन्वयक रजनीश शर्मा ने पोषण ट्रैकर एप के उपयोग और पोषण संबंधी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत जानकारी दी।