मंडी। व्यापार मंडल मंडी के महासचिव राजेश महेंद्रू ने कहा कि अच्छे दिन आने के वादे कर मोदी सरकार सत्ता में आई। लेकिन महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा उठाए कदमों का कोई असर नहीं दिख रहा है। मध्यम वर्ग आज भी महंगाई से परेशान है।
व्यापारी लक्ष्मेंद्र गुलेरिया का कहना है कि सौ दिन में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगने वाला नहीं। इसके लिए लंबी लड़ाई की जरूरत है। कोई भी सरकार भ्रष्टाचार को पूरी तरह से खत्म नहीं कर सकती है। व्यक्तिगत तौर पर लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना होगा। कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर क्या मोदी सरकार दागियों को मंत्रिमंडल से बाहर करेंगे।
अमरजीत शर्मा का कहना है सरकार से जैसी उम्मीदें थी, वैसा अभी तक कुछ देखने को नहीं मिला। लेकिन आने वाले समय में लोगों ने सरकार से काफी उम्मीदें रखी हैं। नगर परिषद मंडी की अध्यक्ष सुशीला सोंखला ने कहा कि महंगाई रोकने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। सौ दिन में सरकार के प्रयासों के परिणाम सामने नहीं दिख रहे हैं।
सुमन शर्मा का कहना है कि मोदी सरकार भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। मंत्रियों और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की गई है। सौ दिन में पूरी तरह से भ्रष्टाचार को खत्म करना संभव नहीं है। आने वाले दिनों में सरकार के प्रयासों से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा।
महंगाई एकदम नहीं होगी खत्म
काकु पटियाल का कहना है कि मोदी सरकार महंगाई को कम करने का प्रयास कर रही है। पेट्रोल के दाम कम किए हैं। महंगाई एक दम खत्म नहीं होगी। लेकिन सरकार को महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए और अधिक प्रयास करने होंगे।
रजत शर्मा का कहना है कि भ्रष्टाचार से निपटने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। स्विस बैंकों में जमा काले धन को वापस लेने के लिए सरकार ने कमेटी का गठन किया है। यह सराहनीय कदम है।