मंडी। वल्लभ महाविद्यालय मंडी में निजी कॉलेजों की तर्ज पर बीएड कोर्स करवाने पर विद्यार्थियों ने मोरचा खोल दिया है। दावा किया है कि यहां बीएड की पढ़ाई सरकारी कॉलजों की अपेक्षा महंगी है। वार्षिक समारोह के दौरान एबीवीपी इकाई मंडी ने कॉलेज में बीएड कोर्स को धर्मशाला रीजनल सेंटर की तर्ज पर चलाने की मांग उठाई है। ताकि, यहां पर पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को निजी कॉलेजों की तर्ज पर अधिक फीस न चुकानी पड़े। छात्रों का कहना है कि कॉलेज में बीएड कोर्स को निजी कॉलेजों की तर्ज पर चलाया जा रहा है। जिससे बीएड की पढ़ाई सरकारी कॉलजों की अपेक्षा महंगी है।
इस सिलसिले में इकाई अध्यक्ष संजय कपूर की अध्यक्षता में ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा को विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को कॉलेज के सालाना समारोह में ज्ञापन सौंपा। जिसमें रूसा के अंतर्गत लागू सेमेस्टर प्रणाली और सीबीसीएस प्रणाली को समाप्त करने की मांग, छात्रों के मूलभूत लोकतांत्रिक अधिकार छात्र संघ के चुनाव बहाल करने, प्रदेश विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में अप्रत्याशित फीस वृद्धि पर अविलंब रोक लगाई जाए, प्रस्तावित क्लस्टर विश्वविद्यालय को शीघ्र शुरू करने और मंडी महाविद्यालय में बीएड कोर्स प्राईवेट तर्ज पर चल रहा है, उसे सरकारी तर्ज पर शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इस दौरान इकाई अध्यक्ष संजय कपूर, सचिव जोगिंद्र, मीडिया प्रभारी दीक्षित पठानिया सहित सदस्यों में अभिषेक, करिश्मा, दीपक, प्रियंका इत्यादि छात्र उपस्थित रहे।