सुंदरनगर (मंडी)। नाचन विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जयदेवी में विद्यार्थियों को प्रयोगशाला की सुविधा मिलने की उम्मीद है। प्रयोगशाला भवन के निर्माण के लिए 59 लाख रुपये मंजूर हो गए हैं।
वर्ष 2021 में शुरू हुआ भवन का निर्माण बीच में बजट की कमी के कारण बीच में रुक गया था। लंबे समय तक काम बंद रहने के कारण पहले से बने भवन की हालत भी अब खराब हो चुकी है।
विभाग ने नए सिरे से ड्राइंग और एस्टीमेट तैयार कर लिया है और अक्तूबर के पहले सप्ताह तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है।
प्रयोगशाला भवन अधूरा रहने से विज्ञान विषय के विद्यार्थियों को व्यावहारिक पढ़ाई के लिए जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। मानसून के दौरान भी अधूरे भवन को नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों मंगत राम, घनश्याम गुप्ता, संत राम, संजू, अजय कुमार, दिनेश शर्मा, मुनीश ठाकुर, मनोज और मनोज कुमार ने कहा कि वर्षों से विद्यार्थी प्रयोगशाला सुविधा का इंतजार कर रहे हैं। अब बजट मंजूर होने के बाद निर्माण कार्य को जल्द शुरू किया जाना चाहिए।
स्थानीय लोगों ने उपायुक्त मंडी और लोक निर्माण विभाग से टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करवाकर भवन का निर्माण निर्धारित समय में पूरा करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि विज्ञान की पढ़ाई में प्रयोगशाला विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है और ग्रामीण क्षेत्र के स्कूल में यह सुविधा जल्द उपलब्ध होनी चाहिए।
उधर, लोक निर्माण विभाग धनोटू उपमंडल के एसडीओ रामकुमार शर्मा ने बताया कि भवन के निर्माण के लिए 59 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। नई ड्राइंग और एस्टीमेट तैयार हो चुका है। अक्तूबर के पहले सप्ताह तक संभावित तौर पर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।