फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जीएसटी को सही ढग़ से लागू करने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे जिला के व्यापारी

विज्ञापन
विज्ञापन
मंडी। जिला मंडी में जीएसटी के विरोध में शुक्रवार को व्यापारी सड़क पर उतर आए। जिलाभर के बाजारों में व्यापारियों ने विरोध रैलियां निकाल कर केेंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापारियों ने स्थानीय प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन प्रेषित किए। हालांकि, जिले में राष्ट्रव्यापी बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला। जिले के मंडी, सुंदरनगर, सरकाघाट, नेरचौक, जंजैहली, थुनाग, डैहर, सहित अन्य बाजारों में 90 फीसदी दुकानें बंद रहीं लेकिन, लोगों को दूध, ब्रेड अथवा अन्य जरूरी वस्तुएं आसानी से उपलब्ध होती रहीं। इसके अलावा दवाइयों की दुकानें भी जिले के अधिकतर बाजारों में खुली रहीं। जिलाभर के व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों का कहना है कि वह जीएसटी के विरोध में नहीं हैं लेकिन, इसे सही ढंग से लागू करना चाहिए तथा व्यापारियों को भी जीएसटी में तमाम सहूलियतें मिलनी चाहिए।
विज्ञापन


जीएसटी का विरोध नहीं, सही ढंग से लागू करे सरकार : गोयल
मंडी। जिला व्यापार मंडल के प्रधान नरेंद्र गोयल और शहरी इकाई के महासचिव राजेश महेंद्र ने कहा कि वह जीएसटी के विरोध में नहीं है। लेकिन, केंद्र सरकार को इसे सही ढंग से लागू करना चाहिए ताकि, व्यापारियों और आम लोगों को इससे सहूलियतें भी मिल सके। जीएसटी के प्रावधानों में सुधार के लिए उपायुक्त मंडी के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन सौंपा गया है। मंडी शहर में बंद का खासा असर देखने मिला है। सभी व्यापारियों ने बंद को समर्थन दिया है।

नेरचौक में भी व्यापारियों ने रैली निकाली
नेरचौक (मंडी)। व्यापार मंडल नेरचौक के बैनर तले व्यापारियों ने बाजार में रैली निकाली। व्यापारियों ने एसडीएम बल्ह के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया गया। इस दौरान प्रदेश व्यापार मंडल के प्रेस सचिव गोविंद राम, प्रदेश व्यापार मंडल के सचिव अमृतपाल सिंह, नेरचौक व्यापार मंडल के राजेंद्र गुप्ता, अभिलाष महाजन, परमजीत, प्यारे लाल, सुभाष, संदीप, प्रदीप, अमरीक सिंह, गोविंद, मनचंदा, पप्पू खान सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।
विज्ञापन


फैसला गलत नहीं, लागू करने में जल्दी कर रही सरकार
सरकाघाट (मंडी)। व्यापार मंडल सरकाघाट के आह्वान पर सरकाघाट बाजार में अधिकतर दुकानें बंद रहीं। दुकानों और ढाबा मालिकों समेत चाय की दुकानें भी बंद रहीं। महज मेडिकल की दुकानें ही यहां पर खुली रहीं। वहीं, रोजमर्रा की वस्तुओं के व्यापारियों को बंद से छूट दी गई। स्थानीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष ओमप्रकाश ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले स्वर्णकारों को अपनी दुकानें बंद रखने पर मजबूर किया और अब अन्य व्यापारियों पर बिना समय दिए एकदम जीएसटी को लागू कर दिया। उन्होंने कहा कि यह फैसला गलत नहीं है लेकिन, इसे लागू करने में जल्दी की जा रही है।

सुंदरनगर में पूरी तरह से सफल रहा बंद
सुंदरनगर (मंडी)। जीएसटी को जल्दबाजी में लागू करने के विरोध में भारतीय उद्योग महासंघ के आह्वान पर भारत बंद सुंदरनगर में पूरी तरह से सफल रहा। शुक्रवार को सुंदरनगर शहर के सभी कारोबारियों ने व्यापार को बंद रखा। दोपहर को व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान घनश्याम महाजन के नेतृत्व में एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेज कर जल्दबाजी में जीएसटी को लागू करने का विरोध जताया।

करसोग में व्यापारियों ने निकाली रैली
करसोग (मंडी)। उपमंडल करसोग में भी शुक्रवार को बाजार बंद रहे। व्यापार मंडल प्रधान नवीन गुप्ता, सचिव राकेश गुप्ता, सुनील उपाध्यक्ष, घनश्याम गुप्ता उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष नरेश महाजन, प्रेस सचिव धर्मवीर गौतम, दीपक गुप्ता, मनमोहन गुप्ता ने बंद को पूर्ण सहयोग दिया। व्यापारियों ने करसोग बाजार में रैली निकाल कर जीएसटी को सही ढंग से लागू करने की मांग उठाई।

धर्मपुर में बंद को नहीं मिला समर्थन
धर्मपुर (मंडी)। जीएसटी के विरोध में जहां जिलाभर में बाजार बंद रहे वहीं, धर्मपुर में इसका कोई असर नहीं दिखा। धर्मपुर बाजार में दुकानें पूरा दिन खुली रहीं। व्यापार मंडल के प्रधान राजकुमार सोनी ने कहा कि व्यापारियों को बंद के लिए सूचित किया गया था। लेकिन, व्यापारियों ने दुकानें खुली रखी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें