धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर मंडल कांग्रेस ने हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के उपाध्यक्ष चंद्रशेखर की अगुवाई में ब्लॉक कार्यालय के बाहर मनरेगा मजदूरों के साथ मिलकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार मनरेगा कानून को कमजोर करने में लगी है। इसी को लेकर एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन भी केंद्र सरकार को प्रेषित किया गया है। केंद्र सरकार से मांग की गई है कि मजदूरों को समय पर कार्य करने के बाद अदायगी होनी चाहिए। मनरेगा मजदूरों को प्रतिवर्ष 200 दिन का कार्य मिलना चाहिए। मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी 180 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये की जाए। जिला परिषद और पंचायत समिति की वित्तीय शक्तियां बहाल की जाएं, मजदूरों को भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की धारा 60 में जो 12 जुलाई 2013 में पूर्व केंद्र सरकार के प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने मजदूरों को पंजीकृत करने और सुविधाएं लेने के लिए 50 दिन किये थे, उसे उसी तर्ज पर रखा जाए और जो 10 फरवरी 2017 को वर्तमान केंद्र सरकार ने इसे बदल कर 90 दिन किया है, इसे तुरंत निरस्त किया जाए। कांग्रेसी नेता चंद्रशेखर ने केंद्र सरकार पर हल्ला बोलते हुए कहा कि जिस इरादे से केंद्र में भाजपा की सरकार बनी थी और लोगों को लोक लुभावने वायदे किये थे, उसे मोदी सरकार पूरा नहीं कर पाई है और अब लोग इस सरकार से पूरी तरह से तंग आ चुकी है। उन्होंने स्थानीय विधायक महेंद्र सिंह और सीटू नेता जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह पर आरोप लगाया कि यह लोग मनरेगा मजदूरों को गुमराह कर रहे हैं। प्रदेश की वीरभद्र सिंह सरकार की वजह से आज लोगों को इंडक्शन हीटर, साइकिल, सोलर लैंप और वाशिंग मशीनें मिल रही हैं। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस प्रधान प्रेम सिंह, पूर्व प्रधान रमेश चंद, पंचायत समिति अध्यक्ष कुलदीप चंबयाल, शिव कुमार वर्मा, दान सिंह, कमल किशोर, रविदत्त, प्रकाश चंद, अश्वनी कुमार, विक्की, पवन कुमार, ओमचंद, सीमा देवी और प्रोमिला देवी सहित मनरेगा के करीब 300 मजदूर शामिल रहे।
फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 9 से
धर्मपुर (मंडी)।
लोकसभा और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 9 और 23 जुलाई को ग्राम सभाओं और शहरी संस्थानों की विशेष बैठकों में किया जाएगा। पंचायत समिति हाल में बीएलओ की बैठक में एसडीएम धर्मपुर किशोरी लाल और निर्वाचन कानूनगो प्रणीत कुमार ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आगामी विस चुनावों के मद्देनजर मतदाता सूचियों को दुरुस्त रखा जाए। इसके साथ आवेदक जिनमें 18 से 21 वर्ष की आयु के मतदाता हैं, वह अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते है। यह विशेष अभियान 1 जुलाई से 28 जुलाई तक जारी रहेगा।