पीएम श्री स्कूलों के छात्रों को देश के वैज्ञानिक संस्थानों का मिलेगा अनुभव
गुवाहाटी-शिलांग, जयपुर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों में जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। हिमाचल प्रदेश के 400 मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान (आरएए) के तहत देश के प्रमुख वैज्ञानिक एवं शोध संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा। समग्र शिक्षा ने पीएम श्री स्कूलों के विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान और नवाचार के प्रति रुचि विकसित करना है।
समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक ने सभी जिलों के उपनिदेशकों और डीपीओ (क्वालिटी कंट्रोल) को पात्र विद्यार्थियों के चयन के निर्देश जारी किए हैं। चयनित विद्यार्थी गुवाहाटी-शिलांग और जयपुर स्थित प्रतिष्ठित वैज्ञानिक एवं अनुसंधान संस्थानों का भ्रमण करेंगे। वहां उन्हें प्रयोगशालाओं का अवलोकन, विशेषज्ञों से संवाद और आधुनिक तकनीकों को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिलेगा।
400 विद्यार्थियों का चयन तीन श्रेणियों में होगा। इनमें कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा के 148 मेधावी विद्यार्थी, कक्षा 11 विज्ञान संकाय के 138 टॉपर और विज्ञान मेरिट श्रेणी के 114 विद्यार्थी शामिल हैं। विज्ञान मेरिट श्रेणी में विज्ञान क्विज, ओलंपियाड, एटीएल इनोवेशन, रोबोटिक्स, कोडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), विज्ञान प्रदर्शनी तथा अन्य राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय स्टेम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
विज्ञान में कॅरिअर के लिए मिलेगा प्रोत्साहन
उपनिदेशक क्वालिटी एजुकेशन जिला मंडी मीना राठौर ने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को नई तकनीकों और वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ने के साथ-साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भविष्य का कॅरिअर चुनने के लिए भी प्रेरित करेगी।