जोगिंदनगर में दिवंगत सांसद रामस्वरूप शर्मा की पुण्यतिथि में रक्तदान करने वाले युवा को सम्मानित
जोगिंद्रनगर (मंडी)। रक्तदान कर दुर्घटना में घायलों का जीवन बचाया जा सकता है। यह बात विधायक प्रकाश राणा ने जोगिंद्रनगर में मंडी के सांसद रहे दिवंगत राम स्वरूप शर्मा की तृतीय पुण्यतिथि पर मंत्रा फाउंडेशन की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ पर कही। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में दानी सज्जनों के द्वारा किए जा रहे रक्तदान से कई लोगों को जीवनदान मिला है। इसमें युवाओं की बढ़ती सहभागिता गंभीर मरीजों के लिए वरदान साबित हो रही है।
इससे पहले राम स्वरूप शर्मा के पुत्र शांति स्वरूप शर्मा, आनंद स्वरूप शर्मा ने रक्तदान शिविर में पहुंचे विधायक प्रकाश राणा और युवाओं का आभार जताया। इस दौरान कुल 40 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में जिमजिमा गांव के टैक्सी चालक राजेश कुमार ने 42वीं बार रक्तदान किया। कपिल ने 20वीं, संजीव कुमार ने 15वीं, भरत सिंह ने 12वीं, सरवन ठाकुर ने 9वीं, शक्ति राणा ने 7वीं बार रक्तदान किया। इन सभी को विधायक प्रकाश राणा ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय सकलानी, महामंत्री संजीव और अन्य मौजूद रहे।