मंडी/बालीचौकी। राष्ट्रीय उच्चमार्ग औट-लुहरी रविवार रात को बालीचौकी के पास पहाड़ी दरकने से बंद रहा। इसे 14 घंटे के बाद बहाल किया जा सका है। इस दौरान सैकड़ों लोग मार्ग में फंसे रहे। यात्री भारी ठंड के चलते यात्रियों ने वाहनों में ही रात गुजारी। यहां तक कि रोगियों को वाहनों की अदला बदली कर अस्पताल पहुंचाया गया। सराज के ग्रामीणों के लिए यह हाईवे अहम है। कुल्लू, औट और मंडी पहुंचने के लिए लोग इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। बार-बार पहाड़ी दरकने से रास्ता बंद हो रहा है। इससे ग्रामीणों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने विभाग से मार्ग को दुरुस्त कर स्थायी समाधान करने की मांग की है। आलम यह रहा कि सैकड़ों यात्रियों और वाहन चालकों को गाड़ियों में ही रात गुजारनी पड़ी है।
....
जान हथेली पर रख सड़क पार कर रहे चालक
इस पहाड़ी से साफ मौसम में भी मलबा गिरने लगता है। बावजूद इसके विभाग ने आज तक इस पहाड़ी से मलबे और पत्थरों को हटाने की सुध नहीं ली है। वाहन चालक अपनी जान हथेली पर रखकर मार्ग को पार कर रहे हैं। सवारियों के लिए खतरा बना हुआ है।
....
विभाग ने दुरुस्त नहीं किया स्पाट
सराज से कुल्लू, मनाली और मंडी जाने के लिए अधिकांश लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। रोजाना सैकड़ों यात्री इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। क्षेत्र के टेक सिंह, महेंद्र राणा, संत राम, केहर चंद, योग राज आदि ने आरोप लगाया कि विभाग चार साल बाद भी बालीचौकी के पास पहाड़ी के गिर रहे मलबे का समाधान नहीं निकाल पाया है।
....
जल्द होगा समाधान : अरविंद भारद्वाज
उपमंडल बंजार राष्ट्रीय राजमार्ग के सहायक अभियंता अरविंद भारद्वाज का कहना है कि शिल्ली-बिहाली मार्ग का मामला ध्यान में है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। जल्द ही इसका स्थायी हल हो जाएगा।
000