मंडी। जिले के मंदिरों में बढ़ रही चोरियों की वारदातों से सर्वदेवता सेवा समिति मंडी ने शिवरात्रि महोत्सव के लिए देवताओं के दुर्गम क्षेत्रों से प्रस्थान के दौरान रास्ते में सिक्योरिटी की मांग उठाई है। इस मांग को शिवरात्रि महोत्सव कमेटी और जिला प्रशासन के समक्ष भी रखा गया है। समिति ने जिला प्रशासन से संबंधित पुलिस थाना को निर्देश जारी करने की मांग रखी है। ताकि, शिवरात्रि महोत्सव के लिए देवताओं के प्रस्थान के दौरान संबंधित थानों से सुरक्षा मिल सके। वहीं, देव संस्कृति के प्रतीक इस मेले में सांस्कृतिक संध्याओं पर करोड़ों खर्च करने की बजाए इसे देव संस्कृति के संवर्द्धन में खर्च करने के लिए आवाज बुलंद की गई। कलाकारों पर करोड़ों खर्च करने पर बैठक में कारदारों ने खासी तल्खी जताई। सनातन धर्म सभा में शुक्रवार को आयोजित सर्वदेवता सेवा समिति मंडी की बैठक में कई मसलों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कई प्रस्ताव भी पारित किए गए। वहीं, शिवरात्रि महोत्सव में शिरकत करने वाले देवताओं के इतिहास पर छप रही स्मारिका के लिए देवता कमेटियों से जानकारी ली गई। कमेटी के अध्यक्ष पंडित शिवपाल ने कहा कि बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए हैं।
शिवरात्रि में शिरकत करने वाले देवताओं की स्मारिका प्रकाशित करना, देवी-देवता कमेटियों को दूरी के हिसाब से भत्ता देने की प्रशासन से मांग, संस्कृति सदन के कार्य में तेजी लाने की मांग, देवताओं को उत्सव में उचित सम्मान और ठहरने की सही व्यवस्था, सांस्कृतिक संध्याओं पर खर्च की जाने वाली राशि को देवताओं पर खर्च किया जाए, उत्सव के दौरान दी जाने वाली लकड़ी की मात्रा को दोगुना करने, मेले के दौरान देव परंपराओं में कोई हस्तक्षेप न हो, मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा व्यवस्था की मांग, चौहटा जातर के भविष्य को यथावत रखने, पड्डल मैदान में शिवरात्रि मेले का आयोजन करने और मेले के दौरान देवता कमेटियों को कारदारों और देवलुओं के हिसाब से देने की मांग भी उठाई गई।
पंडित शिवपाल को दोबारा सौंपी कमेटी की कमान
बैठक के बाद बलबीर ठाकुर की अध्यक्षता में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वप्रथम निवर्तमान अध्यक्ष पंडित शिवपाल ने पुरानी कार्यकारिणी को भंग किया। इसके बाद नई कार्यकारिणी की कमान भी उन्हें सौंपी गई। सर्वसम्मति से उन्हें प्रधान नियुक्त किया गया। बैठक में सचिव युद्ध कुमार सकलानी, मुख्य सलाहकार भीम चंद सरोच, वेद राम थट्टा, निर्मल ठाकुर, उपप्रधान धमेंद्र, कोषाध्यक्ष लेखराज पटियाल सहित कई देवता कमेटियों के पदाधिकारी, सदस्य एवं कारदार उपस्थित रहे।