मंडी/करसोग। कोरोना काल के चलते लंबे समय से थमा जनमंच फिर शुरू होने जा रहा है। करसोग स्कूल में 12 सितंबर को आयोजित होने वाला जनमंच जिले में 23वां होगा। इसकी अध्यक्षता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी करेंगी।
कार्यक्रम प्रात: 10 बजे शुरू होगा। उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने शुक्रवार को जनमंच की तैयारियों की चर्चा के लिए आयोजित वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता की। कहा कि जनमंच में सरकार की ओर से कोरोना को लेकर जारी एसओपी का पूरा पालन किया जाएगा। जनमंच में करसोग ब्लॉक की 13 ग्राम पंचायतों के लोगों की समस्याओं का निपटारा किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को प्री जनमंच अवधि में संबंधित क्षेत्र और पंचायतों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने को कहा। लोगों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए कहा। अधिकारी लोगों की शिकायतों और समस्याओं को जानें और मौके पर समाधान का प्रयास करें। पंचायतों में स्वच्छता अभियान और स्वास्थ्य शिविर लगाएं। बैठक में एसडीएम करसोग सन्नी शर्मा सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
..
ये है प्री जनमंच शेड्यूल
एसडीएम सन्नी शर्मा ने बताया कि संबंधित 13 पंचायतों में प्री जनमंच गतिविधियों के आयोजन को लेकर शेड्यूल बना लिया गया है। 4 सितंबर को ग्राम पंचायत काओ, कुफरीधार तथा बगैला के लिए ग्राम पंचायत बगैला में, 6 सितंबर को ग्राम पंचायत भंथल और खड़कन के लिए ग्राम पंचायत भंथल में, 7 को ग्राम पंचायत भडारनु और सनारली के लिए ग्राम पंचायत सनारली में, 8 को दछैण और मतैहल के लिए ग्राम पंचायत दछैण में, 9 को ग्राम पंचायत भनेरा और थाच थर्मी के लिए ग्राम पंचायत भनेरा में, 10 को लोअर करसोग और ममेल के लिए ग्राम पंचायत ममेल में प्री जनमंच शिविर लगाए जाएंगे।
000