अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। लोकसभा चुनाव में मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए चुनाव आयोग की ओर से मंडी जिले में लगाए गए सामान्य पर्यवेक्षक भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सैयद सरवर इमाम ने मंडी पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया है। निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि लोग चुनाव प्रक्रिया और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन संबंधी कोई भी शिकायत सीधे पर्यवेक्षक से कर सकते हैं।
सामान्य पर्यवेक्षक आईएएस सैयद सरवर इमाम सर्किट हाउस मंडी के कक्ष नंबर दो में ठहरे हैं। उनका मोबाइल नंबर 7876166399 और दूरभाष नंबर 01905-227811 हैं। किसी भी व्यक्ति को चुनाव संबंधी कोई शिकायत हो तो वे इन नंबरों पर पर्यवेक्षक से बात कर सकते हैं। लोग उनसे व्यक्तिगत रूप से सर्किट हाउस में मिलकर भी अपनी बात कह सकते हैं। सर्किट हाउस स्थित उनके कार्यालय में उनसे रोजाना प्रात: साढ़े 10 से साढ़े 11 बजे के बीच मिला जा सकता है। वहीं, लोकसभा चुनाव में मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए मंडी जिले में अब तक की तैयारियों की समीक्षा के लिए डीआरडीए सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने सामान्य पर्यवेक्षक का स्वागत करते हुए जिले में किए गए चुनाव प्रबंधों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित बनाया जा रहा है। चुनाव ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चुनाव आयोग से प्राप्त निर्देशों से अवगत करवाया जा चुका है। ईवीएम और वीवीपैट का प्रशिक्षण और चुनाव से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा, अतिरिक्त जिलादंडाधिकारी श्रवण मांटा, प्रोबेशनर आईएएस निवेदिता नेगी सहित संबंधित क्षेत्रों के सहायक निर्वाचन अधिकारी और एसडीएम, आबकारी एवं कराधान विभाग और निर्वाचन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।