सरकाघाट/बल्द्वाड़ा (मंडी)। कार हादसे में मारे गए 26 वर्षीय युवक अमित कुमार के शव का पुलिस ने नागरिक अस्पताल सरकाघाट में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। समैला पंचायत के बरछवान गांव का अमित कुमार त्रिफालघाट में मोबाइल की दुकान करता था। 26 वर्षीय अमित की छह माह पहले ही शादी हुई और घर का इकलौता चिराग था।
बताया जा रहा है कि बुधवार को भी गत दिन की तरह वह त्रिफालघाट में अपनी दुकान पर गया था और नाक में सूजन आने के कारण जल्दी घर आ गया था। जब रात हो गई तो उसके नाक का दर्द बढ़ गया और वह एक अन्य साथी राजेश कुमार पुत्र दिलवर सिंह और उनके रिश्ते के बहनोई भूपेंद्र सिंह के साथ कार में सवार होकर खल्याना पहुंचा। जहां एक दवा की दुकान से दवा लेकर अभी वह आधा किलोमीटर ही अपने घर की ओर आ रहे थे तो सिहारल मोड़ पर चालक भूपेंद्र ने अपनी गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और कार नीचे गहरी खाई में गिर गई। कार के गिरने के धमाके की आवाज आस-पास के गांव वालों ने सुनी और वे घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे में पूरी कार क्षतिग्रस्त हो गई थी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से तीनों को बाहर निकाला तो देखा कि अमित कुमार ने दम तोड़ दिया था और अन्य दोनों बुरी तरह से जख्मी हालत में थे। उसी वक्त किसी ने पुलिस को भी घटना कि सूचना दी और हटली चौकी से पुलिस चौकी प्रभारी अश्वनी कुमार की टीम ने घायलों को सिविल अस्पताल बलद्वाड़ा पहुंचाया। जहां डाक्टर ने अमित कुमार को मृत घोषित कर दिया और अन्य दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जोनल अस्पताल बिलासपुर रेफर कर दिया।