मंडी। जिला मंडी के सरकारी स्कूलों के दसवीं और बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाले 20 हजार विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में बैठेंगे। शिक्षा विभाग की ओर से बोर्ड परीक्षा के सफल आयोजन के लिए करीब 400 केंद्र बनाए हैं। सीसीटीवी कैमरों से लैस इन परीक्षा केंद्रों में अगर कहीं पर कोई खामी है तो उसे दुरुस्त करने के शिक्षा उपनिदेशक की ओर से दिशा निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड परीक्षाओं की शिक्षा निदेशालय की ओर से मानिटरिंग की जाएगी।
मंडी जिले में 322 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाएं जबकि 152 उच्च पाठशालाएं हैं। 3 मार्च से बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। दसवीं की परीक्षा में 10169 तथा बारहवीं में 9898 विद्यार्थी बैठेंगे। परीक्षा के दौरान निगरानी रखने के लिए प्रशासन स्तर के साथ-साथ शिक्षा उपनिदेशक स्तर पर उड़नदस्तों का गठन किया जाएगा।
शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय की ओर से सभी प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को परीक्षा की तैयारी के बारे में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें बोर्ड की ओर से निर्धारित पाठ्यक्रम को समय-सीमा के भीतर पूरा करने, कमजोर विद्यार्थियों के लिए विषयवार अतिरिक्त कक्षाओं की उचित व्यवस्था आदि करने के दिशा निर्देश शामिल हैं।
....
बोर्ड परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए विभाग की ओर से दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जिले में करीब 400 परीक्षा केंद्रों में दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
-यशवीर धीमान, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा, जिला मंडी
000