खंड स्तरीय फ्लाइंग स्क्वायड ने करसोग महाविद्यालय और विभिन्न स्कूलों के आसपास दुकानों की जांच कर
तंबाकू बेचने वाले एक दुकानदार का लाइसेंस रद्द
करसोग में नशे और प्रतिबंधित सामान पर प्रशासन का शिकंजा
संवाद न्यूज एजेंसी
करसोग (मंडी)। करसोग में शिक्षण संस्थानों के आसपास नशे और प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को खंड स्तरीय फ्लाइंग स्क्वायड ने करसोग महाविद्यालय और विभिन्न स्कूलों के आसपास करीब 20 दुकानों की अचानक जांच की। नियमों की अनदेखी पर तीन दुकानदारों के मौके पर ही चालान किए गए, जबकि तंबाकू बेचने वाले एक दुकानदार का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान दुकानों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री, प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल और नशीले पदार्थों से संबंधित नियमों की जांच की गई। टीम की अगुवाई खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डॉ. गोपाल चौहान ने की। संयुक्त टीम में पुलिस, आबकारी एवं कराधान, स्वास्थ्य विभाग और पंचायत निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे।
अधिकारियों ने दुकानदारों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए निगरानी और छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।