मंडी। नकली नोट रैकेट के सामने आने से मंडी जिले के अग्रणी बैंक प्रबंधक ने सभी बैंकों को अलर्ट जारी कर दिया है। मुख्य अग्रणी जिला प्रबंधक टीआर रांटा ने एडवाइजरी जारी कर बैंकों को कैश लेनदेन में एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। एडवाइजरी में जिले के सभी बैंक शाखाओं के प्रबंधकों को कैश लेन देन में नोटों को बारीकी से जांचने के निर्देश दिए गए हैं। भारतीय रिजर्व बैंक चंडीगढ़ और जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित वित्तीय जागरूकता शिविर के बाद यह निर्देश जारी किए गए हैं। बैंकों को पीएनबी शाखा भंगरोटू की कैश डिपॉजिट मशीन में जमा हुए नकली नोटों की जानकारी भी दी गई है। इस शाखा में नकली नोट रैकेट के एक आरोपी ने 16500 रुपये के नकली नोट जमा करवा दिए थे। जिसे की डिपॉजिट मशीन ने रिटेन कर दिए थे। मुख्य अग्रणी जिला प्रबंधक टीआर रांटा ने कहा कि सभी बैंकों को एडवाइजरी जारी कर दी गई है।
सचेत वेबसाइट से लें जमा राशि वाली संस्थाओं की जानकारी : आरबीआई
भारतीय रिजर्व बैंक चंडीगढ़ की ओर से जिला प्रशासन मंडी के सहयोग से उपायुक्त कार्यालय के सभागार में वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक निर्मल चंद ने की तथा उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर शिविर में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। निर्मल चंद ने शिविर में कहा कि धन संबंधी धोखाधड़ी से बचने के लिए लोगों को वित्तीय संबंधी जानकारी होना आवश्यकता है। अपने एटीएम से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी किसी भी व्यक्ति को न दें। लोगों को समाचार पत्रों के माध्यम से दिए गए उन विज्ञापनों में पढ़कर अपना पैसा बर्बाद नहीं करना चाहिए, जिनमें लोगों को 2 या 3 प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध करवाने की बात कही गई हो। भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से सचेत वेबसाइट आरंभ की गई है। जिस पर जमा राशि स्वीकार करने वाली संस्थाओं के बारे में सूचना प्राप्त की जा सकती है तथा शिकायतें भी दर्ज की जा सकती हैं। इस अवसर पर उदय चंद्रा अध्यक्ष हिमाचल ग्रामीण बैंक, केबी सिंह सर्कल हेड पंजाब नेशनल बैंक, विजय नारंग क्षेत्रीय प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक, टीआर रांटा मुख्य अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न ग्राम पंचायत से आए सचिव, विभिन्न पंचायत सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।