मंडी। समय पर पेंशन और भत्तों का भुगतान न होने पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के पेंशनरों ने अब संघर्ष की तैयारी कर ली है। बुधवार को परिवहन निगम पेंशनर कल्याण संगठन की मंडी में हुई बैठक में पेंशनरों ने संघर्ष को लेकर रणनीति तैयार की। बैठक की अध्यक्षता पूर्व क्षेत्रीय प्रबंधक धर्मपाल ने की। बैठक में दो माह की पेंशन और जुलाई 2015 से लंबित भत्तों की अदायगी न होने पर रोष व्यक्त किया है।
पेंशनरों ने सरकार और परिवहन निगम से मांग की है कि जल्द पेंशनरों को उनके पेंशन भत्तों का भुगतान किया जाए, ताकि पेंशनर अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी कर सकें। ऐसा न होने पर आगामी दिनों में पेंशनर सरकार व निगम के खिलाफ संघर्ष करने को बाध्य होंगे। धर्मपाल ने कहा कि निगम प्रबंधन की ओर से पेंशनरों की पेंशन और भत्तों का समय पर भुगतान नहीं किया जाता है। इससे उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। बार-बार निगम प्रबंधन से आग्रह के बावजूद हर बार पेंशन की अदायगी में विलंब किया जाता है। उन्होंने निगम प्रबंधन से समय पर पेंशन देने की गुहार लगाई गई है। उन्होंने कहा कि अगर समय पर भुगतान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अख्तियार करना पड़ेगा। इस अवसर पर संगठन के प्रधान बृजलाल, उपप्रधान रोशन लाल, श्यामा प्रसाद चटर्जी, गौरी दत्त शर्मा सहित कई पेंशनर मौजूद रहे।