अग्नि कर्म और क्षारसूत्र का भी प्रशिक्षण
जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय मंडी में पांच माह से चल रहा एक वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय मंडी में पहली बार एक वर्षीय पंचकर्म प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। जून में शुरू हुए पहले बैच में जिले के 16 प्रशिक्षु शामिल हैं, जिनमें आठ महिलाएं और आठ पुरुष हैं। इन्हें विशेषज्ञों की देखरेख में सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान ग्रीवा वस्ति, कटि वस्ति, जानू वस्ति, शिरोधारा, अक्षि तर्पण, अग्नि कर्म, कपिंग, क्षारसूत्र और मर्म चिकित्सा जैसी विधियां सिखाई जा रही हैं। एक वर्ष का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रशिक्षु सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर तलाश सकेंगे। साथ ही आवश्यक योग्यता और अनुमति के अनुसार स्वरोजगार केंद्र भी शुरू कर सकेंगे।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय और चिकित्सालय प्रभारी डॉ. हितेश शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार शुरू किए गए इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को कुशल बनाकर आत्मनिर्भरता के अवसर देना और आयुर्वेदिक सेवाओं का विस्तार करना है।