बालीचौकी (मंडी)। सुधरानी में रविवार सुबह करीब 9 बजे एक आल्टो कार सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गिर गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए, जबकि लिफ्ट लेकर बैठी एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार परिवार पंडोह से अपने घर बेखली जा रहा था कि सुधरानी में एक महिला ने इनसे लिफ्ट मांगी। उसे कार में बिठाकर अभी कुछ ही दूरी पर गए कि कार सड़क से नीचे गिर गई। हादसे में लिफ्ट लेकर बैठी महिला की मौत हो गई, जबकि पूरा परिवार घायल हो गया। मृतक महिला की पहचान कांता देवी पत्नी उत्तमराम सुधरानी के रूप में हुई है। घायलों में मोहर सिंह पुत्र जगतराम, कमला देवी पत्नी कुवेर दत्त, सुमादेवी पत्नी केशव राम भेखली, जगदीश चंद पुत्र मोहर सिंह, मेघ सिंह पुत्र नूपराम और शेर सिंह शामिल हैं। हादसे के तुरंत बाद कांता देवी और मेघ सिंह को नागरिक अस्पताल बंजार लाया गया। यहां पर कांता देवी पत्नी उत्तमराम सुधरानी ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। मेघ सिंह का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे जिला अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया गया है। चालक शेर सिंह गाड़ी से बाहर गिर गया था जिसकी हालत ठीक है। मोहर सिंह, कमला देवी, सुमा देवी, जगदीश चंद का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बालीचौकी में किया गया। मोहर सिंह, कमला देवी और सुमा देवी को जिला अस्पताल मंडी रेफर कर दिया गया है।
उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बालीचौकी डॉ. दीक्षा का कहना है कि छह घायल लाए गए, जिसमें 3 को जिला अस्पताल मंडी रेफर कर दिया, मेघ सिंह को कुल्लू और जगदीश कुमार एवं चालक शेर सिंह को प्राथमिक उपचार करने के बाद छुट्टी दी है।
...
इधर, बालीचौकी पुलिस प्रभारी श्याम लाल का कहना है कि पुलिस ने घटना स्थल का दौरा किया है, घटना के कारणों को पता अभी नहीं चल पाया है। उधर, तहसील बालीचौकी नायब तहसीलदार नरेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि मृतक के परिजनों को10000 रुपये और घायलों को 25-25 सौ रुपये फौरी राहत दे दी गई है।