मनाली-दिल्ली रूट की बस में तलाशी के दौरान मिला नशा
आरोपी के मोबाइल और लेनदेन की भी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। पुंघ में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने मनाली-दिल्ली रूट की हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस से 1 किलो 293 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने चरस के साथ उत्तर प्रदेश के 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब चरस की सप्लाई और इसके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस ने शनिवार सुबह पुंघ में नाकाबंदी के दौरान मनाली-दिल्ली रूट की बस को तलाशी के लिए रोका। तलाशी लेने पर बस में सवार युवक के पास से चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान संदीप (22), पुत्र राधे श्याम, निवासी किशन नगर, तहसील एवं जिला खीरी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में चरस कुल्लू की तरफ से लाए जाने का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पता करने के लिए उसके स्थानीय थाने से जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा मोबाइल की कॉल डिटेल, चैट और ऑनलाइन लेनदेन की भी जांच की जा रही है, ताकि चरस की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। डीएसपी सुंदरनगर भारतभूषण ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।