हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और लाहौल स्पिति में हुई भारी बर्फबारी की वजह से मनाली-रोहतांग दर्रा हाइवे पर ट्रैफिक
पूरी तरह से बाधित रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक रोहतांग दर्रे में 60 सेंटीमीटर और लाहौल घाटी के बरालचा दर्रे में 75 सेंटीमीटर से ज्यादा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई।
मनाली-स्पिति रोड 45 सेंटीमीटर की बर्फबारी की वजह से पूरी तरह से जाम हो गया। मौसम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों के लिए चेतावनी जारी कर दी है। हालांकि प्रशासन ने बर्फबारी रुकने के बाद पर्यटकों को गुलाबा (मनाली से 19 किलोमीटर) जाने की छूट दी।
लाहौल स्पिति के सहायक कमिश्नर बीर सिंह ठाकुर के मुताबिक पूरी घाटी बर्फबारी की चपेट में है। कई गांव में बर्फबारी की वजह से मंगलवार से लाइट नहीं है।
बर्फबारी की वजह से पर्यटक मनाली कोठी हाइवे पर फंसे पड़े हैं। सीमा सड़क संगठन के कर्मचारी सड़क पर से बर्फ हटाकर यातायात सुचारू करने की कोशिश में जुट गए हैं।
जानकारों के मुताबिक यदि इसी प्रकार से बर्फबारी जारी रही तो केलॉन्ग-लेह हाइवे अगली गर्मी तक बाधित रह सकता है।