हिमाचल के शिमला जिले में रोहड़ू के बछूंछ गांव के ऐतिहासिक बौंदरा मंदिर में सोमवार रात लुटेरों ने चौकीदार की हत्या कर करोड़ों की संपदा लूट ली।
इसमें मंदिर की मुख्य मूर्ति समेत अष्टधातु की मूर्तियां, सोने चांदी के जेवरात शामिल हैं। चौकीदार को बेरहमी से मारने के बाद मंदिर में लूटपाट कर लुटेरे फरार हो गए।
लुटेरे तीन गेट तोड़ने के बाद मुख्य पालकी को लूटने में तो कामयाब हो गए, लेकिन गर्भ गृह के दरवाजे को नहीं तोड़ पाए।
गर्भ गृह में देवता का सदियों से जमा अकूत खजाना है। देवता की मुख्य पालकी को गर्भ गृह में रखा जाता था। लेकिन बीते दिनों मेले से लौटने के बाद पालकी बाहर ही रखी थी।
क्षेत्र के प्रसिद्ध मंदिर में हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्रमें दहशत का माहौल है। मामले की गंभीरता को देख एसपी शिमला अभिषेक दुल्लर ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटा लिए है। डॉग स्क्वायड की मदद भी ली जा रही है।
उपमंडल मुख्यालय रोहड़ू से करीब 14 किलोमीटर दूर बछूंछ गांव के बौंदरा मंदिर से लूट के इरादे से पहुंचे शातिरों ने सबसे पहले मंदिर के चौकीदार की हत्या की। उसके गले और सिर पर कई वार किए गए।
मौत के घाट उतारने के बाद चौकीदार के शव को मंदिर के अंदर ही कंबल से छिपा दिया। मंगलवार सुबह चौकीदार घर नहीं पहुंचा तो उसका बेटा उसे ढूंढने मंदिर आया।
इसके बाद उसने घटना की गांव में सूचना दी है। मंगलवार सुबह करीब सात बजे लोगों ने मंदिर परिसर में पहुंच कर हादसे की जानकारी रोहड़ू पुलिस थाने में दी।
डीएसपी राजकुमार चंदेल ने मौके पर पहुंच कर सबूत जुटाए। पुलिस ने मंदिर कमेटी सदस्यों से चोरी हुए सामान की सूची ली है। लूट में मारे गए चौकीदार की पहचान राठी निवासी हीरा लाल के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों ओर नाकेबंदी कर दी है।
मंदिर से चोरी हुए बेशकीमती सामान की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। यह मंदिर सैकड़ों साल पुराना है। कहा जाता है कि इस मंदिर का संबंध देवता परशुराम से है।
एक वर्ष में रोहड़ू उपमंडल के चार मंदिरों में चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। डीएसपी राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश में नाकेबंदी कर दी है। आरोपियों को जल्द दबोचा जाएगा।