जिन्हें रात को नींद नहीं आती है उनके लिए अच्छी खबर है। शोध कामयाब रहा तो अब उन्हें नींद की गोली नहीं खानी पड़ेगी। लोग अब रात को बिना गोली से ही आराम से सो सकेंगे।
लोगों की अच्छी नींद के लिए हिमालय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएचबीटी) पालमपुर ने एक नायाब तरीका लिवेंडर पिलो निकाला है।
लिवेंडर फूल से बने इस पिलो पर सिर रखने से रात को बेहतर नींद आएगी। आईएचबीटी पालमपुर ने यह लिवेंडर पिलो लांच किया है।
जानकारी के मुताबिक आईएचबीटी संस्थान पालमपुर ने लिवेंडर फूल के मैटेरियल को एक कपड़े में बांधकर उसे एक छोटे तकिए का आकार दिया है।
देश भर में पहली बार तैयार किए गए इस खुशबूदार तकिए को रात को सोते समय अपने बेड पिलो के नीचे रखेंगे तो रात को आराम से नींद आएगी।
बेहतर नींद के लिए आईएचबीटी ने इस लिवेंडर फूल को चंबा के सलूणी में कृषि विवि के सहयोग से तैयार किया है। इससे पहले लिवेंडर फूल कश्मीर में ही पैदा होता था।
अब आईएचबीटी ने इसे अरुणाचल में भी पैदा किया है। कपड़े में बांधकर तैयार किए गए लिवेंडर पिलो को संस्थान जल्द मार्केट में उतारेगा।
हालांकि, अभी इसकी कीमत तय नहीं है, लेकिन करीब दो से ढाई सौ के बीच इसकी कीमत होगी। जब तक इस पिलो में लिवेंडर की खुशबू रहेगी, तब तक नींद आती रहेगी।
बताया जाता है कि यह दो तीन महीने आराम से चल सकता है। आईएचबीटी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. अनिल सूद का कहना है कि आईएचबीटी ने यह लिवेंडर पिलो लांच किया है। इसे जल्द बाजार में उतारा जाएगा। डा. सूद की मानें तो देश में यह पहला लिवेंडर पिलो होगा।