हिमाचल में जनजातीय जिला किन्नौर के पूह खंड के लियो और हांगो के मध्य स्थित बौद्ध मठ को लामा की हत्या कर लूट लिया गया।
मठ से अष्टधातु की एक मूर्ति और अन्य सामान गायब है। मामले की जांच के लिए डीएसपी किन्नौर की अगुवाई में एक टीम का गठन किया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी वीरवार देर शाम को तब मिली जब क्षेत्र का एक व्यक्ति मठ में पहुंचा। वहां किसी को न पाकर वह ढूंढते हुए लामा दोरजे लुंडुप (65) के कमरे में पहुंचा तो वहा उनका शव पड़ा था।
दोरजे लुंडुप ग्यू स्पीति का रहने वाले थे। सूचना मिलते ही डीएसपी किन्नौर केके वर्धन की अगुवाई में पुलिस दल घटना स्थल पहुंच गया और शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
डीएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या लामा की हत्या रस्सी से गला दबाकर की गई लगती है। पुलिस ने लूटपाट और हत्या का मामला दर्ज किया है।