लाहौल के दारचा में सात दिवसीय आइस स्केटिंग बेसिक प्रशिक्षण शिविर में भाग लेते हुए।-संवाद
लाहौल के दारचा में सात दिवसीय आइस स्केटिंग प्रशिक्षण शिविर का समापन
प्रदेश सरकार विंटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्प : विधायक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की दारचा पंचायत में दारचा वेली मल्टी स्पोर्ट्स एंड डेवलपमेंट एसोसिएशन और युवा क्लब ने संयुक्त रूप से आइस स्केटिंग बेसिक प्रशिक्षण शिविर लगाया।
इसमें 25 प्रतिभागियों को बर्फ की चादर पर स्केटिंग की बारीकियां सिखाई गईं। सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुक्रवार को समापन हुआ। समापन पर विधायक अनुराधा राणा मुख्यातिथि थीं। उन्होंने कहा कि शीतकालीन खेलों (विंटर स्पोर्ट्स) को बढ़ावा देने के लिए सरकार कृतसंकल्प है। पर्यटन की अपार संभावनाओं के मद्देनजर साहसिक और शीतकालीन खेलों को लद्दाख और स्पीति की तर्ज पर बढ़ावा देने के लिए एक कारगर कार्य योजना बनाने के जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं।
कहा कि घाटी में साहसिक और शीतकालीन खेलों को बढ़ावा देने के लिए उपयुक्त स्थल चिह्नित किए जा रहे हैं। इन खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए युवा और पंचायतीराज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि भी आगे आएं और अपने सुझाव रखें। जिले कि स्पीति घाटी के बच्चों ने आइस हॉकी में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना ली है। यह जिले के लिए गौरव की बात है। इसी तर्ज पर लाहौल घाटी के बच्चों का हुनर भी तराशा जाएगा। कहा कि लाहौल घाटी के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तर्ज पर बेसिक और एडवांस कोर्स भी आने वाले समय में करवाए जाएंगे। उन्होंने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए 50,000 विधायक ऐच्छिक निधि से देने की भी घोषणा की। इस दौरान एसडीएम केलांग रजनीश शर्मा, जिलाध्यक्ष कांग्रेस ज्ञालसन ठाकुर, जिला परिषद सदस्य दोरजे लारजे, ग्राम पंचायत प्रधान दारचा अशोक कुमार मौजूद रहे।