नगर परिषद कुल्लू ने शुरू की सरवरी में टनों के हिसाब से डंप कचरे को हटाने की मुहिम
राहगीरों के साथ पर्यटक भी होते हैं परेशान, कूड़े के ढेर से उठने वाली बदबू बढ़ाती है दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। सरवरी बस अड्डा के पास स्थापित एमआरएफ सेंटर में महीनों से डंप कचरे को नगर परिषद कुल्लू ने उठाना शुरू कर दिया है। इससे लोगों को जल्द राहत मिलेगी। यहां लंबे समय से कचरे का पहाड़ खड़ा है।
यह आने-जाने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। कचरा पर्यटकों को मुंह चिढ़ा रहा है। टनों के हिसाब से डंप कचरे को ठिकाने लगाने की कवायद शुरू हो गई है। इससे जल्द लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जग गई है।
गौरतलब है कि जब से एमआरएफ सेंटर स्थापित किया है, तब से यह नियमित रूप से नहीं चल पाया है। इस कारण कचरे के ढेर लगते आए हैं। इस बार भी कचरे का पहाड़ बन गया है। यह लोगों के साथ पर्यटकों के लिए भी परेशानी का कारण बना हुआ है। बसों और गाड़ियों में आती-जाती बार भी कचरे से उठने वाली बदबू से यात्री परेशान होते हैं।
डेढ़ महीना पहले भी कचरे को उठाने की कवायद शुरू हुई थी लेकिन चार-पांच ट्रक कचरा उठाने के बाद फिर से कूड़ा उठाने का काम प्रभावित हो गया था। इसके चलते अब फिर कचरा काफी मात्रा में एकत्रित हो गया है। अब शनिवार से कचरे को उठाने का कार्य फिर से शुरू हो गया है। इस बार ट्रक के साथ छोटे टेंपो को भी कचरा ढोने के लिए लगा दिया है। इसके चलते सुबह से शाम तक कचरे को खाली करने का कार्य किया जा रहा है।
उधर, नगर परिषद अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत के अनुसार नगर परिषद की ओर से शहर को साफ सुथरा रखने की कोशिश की जा रही है जिससे लोगों के साथ साथ पर्यटकों को भी स्वच्छ वातावरण मिल सके।