ग्राम पंचायत खंगसर में मनाया वन महोत्सव कार्यक्रम, रोपे गए 200 पौधे
विधायक अनुराधा राणा ने देवदार का पौधा किया रोपित
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति की पंचायत खंगसर के जागला गांव में मंगलवार को 75वां राज्यस्तरीय वन महोत्सव मनाया गया। वन मंडल लाहौल की ओर से आयोजित वन महोत्सव में देवदार और सीबकथॉर्न के 200 पौधे रोपित किए गए।
वन विभाग की ओर से लाइव कार्यक्रम के तहत प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम देखा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने लाहौल-स्पीति में महिलाओं की पर्यावरण जागरूकता को लेकर हरित आवरण के संरक्षण और संवर्धन में अहम भूमिका का जिक्र किया। उन्होंने लाहौल-स्पीति में मुख्यमंत्री वन विस्तार योजना के तहत महिला मंडलों को पौधरोपण और देखभाल का कार्य सौंपा गया।
खंगसर पंचायत में हुए कार्यक्रम में विधायक अनुराधा राणा बतौर मुख्यातिथि शामिल हुईं। उन्होंने देवदार का पौधा रोपित किया। जिला परिषद अध्यक्ष बीना देवी ने भी पौधरोपण किया है। विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि जिले के सतत विकास एवं पर्यटन व्यवसाय को मजबूती देने के लिए प्रकृति के साथ भी सामंजस्य बिठाना आवश्यक है।
इसमें लोगों की सहभागिता भी सुनिश्चित बनाई जा रही है। ग्रामीण आर्थिकी को मजबूती प्रदान करने के लिए उन्होंने कहा कि जाइका परियोजना के तहत वन विभाग की ओर से कार्य योजनाएं संचालित की गई हैं। विधायक ने ग्राम पंचायत खंगसर में साइकिलिंग ट्रैक तैयार करने की बात भी कही। इससे पूर्व वन मंडल अधिकारी अनिकेत वानवे ने विधायक अनुराधा राणा का स्वागत किया। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित बनाएं। इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष बीना देवी सहित जनजातीय सलाहकार परिषद के सदस्य मोहन लाल, प्रधान सुरेश, सूरज व तेजस संस्था के देवन व विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद
000