कुल्लू। जिले में पहली से आठवीं कक्षा की नियमित कक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। स्कूल पहुंचे विद्यार्थियों ने पहले एक दूसरे को गले लगाया फिर हाल सुनाया। छुट्टियों में घर में रहकर क्या किया, कैसे बिताईं, सारा वृतांत सुनाया। साथ ही स्कूल पहुंचने पर खुशी भी झलकी। परीक्षाओं और परिणाम के बाद सोमवार को फिर से स्कूल खुल गए। पहली से आठवीं कक्षा तक नियमित कक्षाएं लग रही हैं।
पहले दिन भले ही जिलेभर के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या कम रही, लेकिन जितने भी विद्यार्थी विद्यालयों में उपस्थित रहे, उनके चेहरों पर सहपाठियों से मिलने की खुशी साफ नजर आ रही थी। इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुरजीत सिंह राव ने कहा कि जिले के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में सोमवार से पहली से आठवीं कक्षा तक की नियमित कक्षाएं आरंभ कर दी गई हैं। कहा कि मुख्याध्यापकों को शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और विद्यार्थियों को हर सुविधा प्रदान करने के विशेष निर्देश दिए गए हैं।
...
स्कूल आने के लिए थी उत्साहित
बच्चों को स्कूल जाते देख मुझे भी पढ़ने की इच्छा होती थी, लेकिन माता मुझे छोटा होने का हवाला देकर चुप करवा देती थीं। स्कूल आने पर मुझे खुशी मिल रही है क्योंकि मैं स्कूल आने के लिए काफी उत्साहित थी। -छात्रा सोनिया
...
सहपाठियों का मिलेगा साथ
मैंने पहली कक्षा में प्रवेश लिया है। ऐसे में मुझे अब सहपाठियों के साथ खेलने और पढ़ने का मौका मिलेगा। विद्यालय आने पर मुझे खुशी का अनुभव हो रहा है। मैं रोजाना विद्यालय में आऊंगी। -छात्रा ज्योति
...
बड़ी कक्षा में प्रवेश से मिली खुशी
मैंने पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण की। अब छठी कक्षा में पढ़ाई कर रही हूं। बड़ी कक्षा और प्राथमिक से अब माध्यमिक विद्यालय में आने से खुशी मिली है। अब सहपाठियों के साथ नए विद्यालय में पढ़ाई होगी। - छात्रा सुनाक्षी।
...
सहपाठियों से मिलना हुआ दोबारा
पांचवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा देने और परिणाम घोषित होने के बाद सहपाठियों से दोबारा मिलना हुआ। विद्यालय भले ही नया है, लेकिन सहपाठी पुराने होने से उनके साथ पढ़ाई करने और खेलों में भाग लेने का दोबारा मौका मिलेगा। -छात्रा भीष्मा कुमारी
000