निरीक्षण के लिए पहुंचे अधिकारियों के समक्ष ग्रामीणों ने रखी अपनी बात
पेयजल योजना पर पड़ेगा असर, देवताओं के भी हैं मंदिर
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। नगर पंचायत बंजार की ओर से चुंहटा पुल दांदूगाड़ में बनाई जा रही डंपिंग साइट के विरोध में ग्रामीण उतर आए हैं। मंगलौर पंचायत के ग्रामीणों ने वीरवार को डंपिंग साइट के निरीक्षण के लिए पहुंचे अधिकारियों के समक्ष अपना विरोध जताया। इससे साइट के निर्माण पर संकट के बादल छा गए हैं। मंगलौर पंचायत के ग्रामीणों ने कहा कि डंपिंग साइट के लिए किसी अन्य स्थान का चयन किया जाए।
वीरवार को साइट के निरीक्षण के लिए वन मंडल अधिकारी बंजार, खंड विकास अधिकारी बंजार, नगर पंचायत, बिजली बोर्ड के अधिकारी और तहसीलदार बंजार आए थे। जैसे ही ग्रामीणों को पता चला तो ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने ही कड़ा एतराज जताया। ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी। कुछ समय तक यहां पर माहौल गर्माया हुआ रहा। लोगों की बात सुनने के बाद अधिकारी मौके से चले गए।
स्थानीय निवासी शेर सिंह, सुनील राठौर, हेम राज, प्रेम सिंह, बलदेव सिंह, ईश्वर दास, गोविंद सिंह ने कहा कि तीर्थन नदी से पलाहच, सिंधवा, तरगाली, मंगलौर, रोपा, शराई, कनेउली गांवों के लोगों की उठाऊ पेयजल योजना चल रही है। डंपिंग साइट बनने से पेयजल योजना पर असर पड़ेगा। इसके बाद लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
वहीं तांदीधार की तरफ देवता बंगेश्वर का मंदिर, लारजी सड़क के साथ देवता पांचवीर का मंदिर है। डंपिंग साइट के निर्माण से लोगाें की धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंचेगी। जहां पर डंपिंग साइट बनाई जा रही है, उसके चारों तरफ खोरीबीड़, रोपा, तांदीधार, ढोरू, तरगाली, शिल्ह आदि गांव हैं। इन गांवों के लोगों का जीना दूभर हो जाएगा। कहा कि इस स्थान पर मोक्षधाम भी है। डंपिंग साइट के चलते यहां पर लोगों का खड़े रहना भी मुश्किल हो जाएगा। डंपिंग साइट के चुनी गई जगह पर कचरा न फेंका जाए, ग्रामीण यहां पर किसी भी सूरत में डंपिंग साइट नहीं चाहते हैं।
...
डंपिंग साइट को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है। मौके पर आकर लोगों ने डंपिंग साइट निर्माण का विरोध किया। इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी जाएगी।
-रमेश कुमार, तहसीलदार, बंजार