आम लोगों, विद्यार्थियों और बागवानों को भी मिली बड़ी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल/नग्ग्गर (कुल्लू)। ब्यास नदी में बने नग्गर पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने पुल के एप्रोच रोड का निर्माण कर इससे वाहनों की आवाजाही के लिए हरी झंडी दे दी है।
सोमवार सुबह पुल से आवाजाही शुरू होने से नग्गर और आसपास के क्षेत्रों के बागवानों को राहत मिली है।
बता दें कि 26 अगस्त और 2 सितंबर को ब्यास की बाढ़ से यह एप्रोच बह गई थी। इससे नग्गर और पतलीकूहल के बीच आवागमन ठप पड़ गया था।
इस कारण लोग नग्गर की तरफ से पतलीकूहल नहीं आ पा रहे थे और पतलीकूहल के लोग नग्गर नहीं जा पा रहे थे। ऐसे में कई बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई, क्योंकि वे नग्गर स्थित स्कूलों तक नहीं पहुंच पा रहे थे। इसी तरह दोनों ओर के दफ्तरों में तैनात कर्मचारी भी 20 किलोमीटर लंबा चक्कर काटकर वाया रायसन आने जाने को मजबूर हो गए।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप शर्मा ने बताया कि दिन-रात मेहनत कर ब्यास का पानी डायवर्ट कर पुल की एप्रोच रोड तैयार किया गया। विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने स्वयं रोड का सफल ट्रायल किया और अब इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया है।
पतलीकूहल आढ़ती संघ के अध्यक्ष कुंज लाल ने पुल खुलने का स्वागत किया। उन्होंने मांग की कि डोहलूनाला-रायसन में वाहनों की आवाजाही का समय रात 8 से 10 बजे तक और बढ़ाया जाए ताकि सेब समय पर मैदानी मंडियों तक पहुंच सके।