संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। मूसलाधार बारिश के बाद ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ने से सोलंग गांव को जोड़ने वाली अस्थायी पुलिया बह गई है। इस पुलिया का दोबारा निर्माण किया जाएगा।
गांव के लोगों की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने यहां पर जल्द अस्थायी पुलिया के निर्माण के लिए दो लाख रुपये की राशि मंजूर की है। उपमंडलाधिकारी मनाली डॉ. सुरेंद्र ठाकुर की अनुशंसा पर उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने यह राशि जारी की है। खंड विकास अधिकारी के कार्यालय को यह राशि जारी की जाएगी। इसके बाद ग्रामीण विकास विभाग इस पुल का निर्माण शुरू करेगा।
जल्द ही अस्थायी पुलिया का कार्य शुरू होने की उम्मीद की जा रही है। उधर, अस्थायी पुलिया बहने के कारण ग्रामीणों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। अमर उजाला ने सोमवार के अंक में ‘ब्यास का जलस्तर बढ़ा, अस्थायी पुलिया बही’ शीर्षक के साथ इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था।
पुलिया बहने से खासकर स्कूली बच्चों को पलचान स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तक पहुंचने में लगभग एक किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चे ब्यास कुंड हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की ओर से बनाए गए पुल से होकर जा रहे हैं। इस पुल तक पहुंचने के लिए बच्चों को करीब एक किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। अस्थायी पुलिया बहने से गांव की लगभग 500 की आबादी प्रभावित हो गई है।
उपमंडलाधिकारी मनाली डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि दो लाख की राशि खंड विकास अधिकारी के कार्यालय को जारी की जाएगी। ग्रामीण विकास विभाग ही इस अस्थायी पुलिया का निर्माण करेगा। उन्होंने कहा कि गांव के लिए बन रही सड़क और पुल निर्माण में हो रही देरी को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले को लेकर प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की टीम जल्द संयुक्त निरीक्षण करेगी। उधर, अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर भारी बारिश से आई बाढ़ की घटना से हुए नुकसान की रिपोर्ट बनाने में बीआरओ जुट गया है। साउथ पोर्टल के सेरी नाला के उफान पर आने से टनल के साउथ पोर्टल के पास सीमा सड़क संगठन की पांच मशीनें, तीन ट्रैक्टरों को नुकसान पहुंचा है।