भुंतर (कुल्लू)। एसटीएफ ने भुंतर में 5.34 ग्राम चिट्टा और 91,500 रुपये नकदी के साथ दो युवकों को पकड़ा है। आरोपी टैक्सी में मणिकर्ण से भुंतर की ओर आ रहे थे। एसटीएफ ने तलाशी के दौरान आरोपियों से नशा पकड़ा। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ की टीम ने दो अप्रैल को भुंतर-मणिकर्ण सड़क के सिउंड में नाका लगाया था। इस दौरान एसटीएफ ने सामने से टैक्सी को आते हुए देखा। एसटीएफ ने टैक्सी को तलाशी के लिए रोका। इसमें दो लोग सवार थे।
तलाशी करने पर आरोपी अमरजीत सिंह (28), निवासी हाउस नंबर 257 एलबी, न्यू कपूर नगर सुल्तानविंद रोड, अमृतसर (पंजाब) और सुशांन (29) निवासी नजदीक मंजू नाथ टायर फैक्टरी, कुलशेखर, बंगलूरू के कब्जे से 5.34 ग्राम चिट्टा और 91500 रुपये नकदी बरामद हुई। इसके बाद एसटीएफ ने उन्हें हिरासत में लिया। एसपी मदन लाल कौशल ने कहा कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। संवाद