मणिकर्ण घाटी में चरस तस्करी में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये
दोनों आरोपी अलग-अलग नाके के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। इन दानों
आरोपियों से पुलिस ने करीब पांच किलो चरस बरामद की है। चरस की तस्करी कर
रहे आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद हवालात में डाल दिया है।
इन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। दोनों आरोपी नेपाली
मूल के हैं, जिनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस
से मिली जानकारी के मुताबिक एएसआई लालचंद ने मणिकर्ण घाटी के चीलमोड़ के
पास नाका लगा रखा था। पुलिस को एक व्यक्ति बैग उठाए हुआ नजर आया। लेकिन,
पुलिस को देखते ही वह घबरा गया और बैग लेकर वहां से भागने लगा। पुलिस ने
उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान प्लास्टिक में पैक कर रखी गई तीन
किलो तीन सौ सैंतालिस ग्राम चरस बरामद हो गई। वहीं, एक अन्य मामले में
मणिकर्ण पुलिस ने मणिकर्ण घाटी के चोज पुल के पास नाका लगाया था। कुछ देर
के बाद वहां से एक शख्स गुजरा। पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली तो उससे एक
किलो छह सौ तीस ग्राम चरस बरामद की गई। डीएसपी संजय शर्मा ने पुष्टि करते
हुए बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पता लगा रही है
कि चरस की इस खेप को कहां से खरीदा गया तथा इसे कहां तस्करी कर भेजा जा रहा
था।