जिला मुख्यालय कुल्लू वामतट मार्ग पर शांगरीबाग के पास एक कार ब्यास नदी में लुढ़क गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही हैड कांस्टेबल जय सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि यह हादसा शनिवार दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब पेश आया है। जब लोअर ढालपुर निवासी आकर्षण नाम का युवक अपनी कार में सवार होकर गैमन पुल से कुल्लू की ओर आ रहा था। अचानक शांगरीबाग के पास चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधी ब्यास में जा गिरी। चालक पत्थरों के बीच जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने उसे गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया।
अस्पताल में तैनात डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उधर, एसडीएम रोहित राठौर भी हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने हादसे में गंभीर घायल युवक को फौरी राहत के रूप में दस हजार रुपये की नकद राशि दी और परिजनों को हरसंभव सहायता करने का आश्वासन दिया।