कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ सटी खराहल घाटी के त्रांबली गांव में बिरशू मेले की धूम रही। अधिष्ठाता देवता बिजली महादेव के दर्शनों के लिए दिन भर लोगों का तांता लगा रहा।
तीन दिवसीय त्रांबली बिरशू मेले के दूसरे दिन देव नृत्य और देव खेल आकर्षण का केंद्र रहा। देवता बिजली महादेव दोपहर बाद मंदिर से बाहर निकले। ढोल-नगाड़ों, करनालों और नरसिंगों की स्वरलहरियों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इसके बाद देव खेल की गई, वहीं देव नृत्य भी हुआ। देवता का देव नृत्य देखने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु त्रांबली सौह पहुंचे। गौर रहे कि देवता बिजली महादेव बैसाख संक्रांति से अपने हारियान क्षेत्र की परिक्रमा पर हैं। देवता की यह परिक्रमा करीब 20 दिनों तक चलेगी। परिक्रमा के दौरान देवता तीन घाटियों कशावरी, खराहल व महाराजा में बने अपने मंदिरों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान इन स्थानों पर बिरशू मेलों का आयोजन भी होगा। देवता परिक्रमा के तीसरे पड़ाव में विगत शनिवार को देर रात जिया गांव से त्रांबली पहुंचे। बिजली महादेव ने पूरा दिन मंदिर में रहकर श्रद्धालुओं को दर्शन दिए। शाम चार बजे के बाद मंदिर से निकलकर सौह पहुंचे। त्रांबली सौह में देवता ने लाव-लश्कर संग देव परंपराओं का निर्वहन किया। देवता के कारदार अमरनाथ नेगी ने कहा कि मेले के दूसरे दिन देव परंपराओं का निर्वहन किया गया। कहा कि त्रांबली में सोमवार तक मेले का आयोजन होगा।