संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल की बंजार-लटीपरी सड़क की दुर्दशा पर सोमवार को स्थानीय युवा भड़क गए। लगभग एक घंटा तक मार्ग पर चक्का जाम किया। लोक निर्माण विभाग के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
स्थानीय युवाओं समेत लोगों ने वाहनों और बसों की आवाजाही रोक दी। इसमें परिवहन निगम की चार बसें भी शामिल थीं। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसमें लोगों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। मौके पर बंजार पुलिस और प्रशासन को बुलाना पड़ा, लेकिन युवाओं ने उनके पहुंचने से पहले ही मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया था। दरअसल, औट-बंजार सैंज एनएच 305 पर छेत के समीप डंगा गिरने से एनएच क्षतिग्रस्त हुआ है। इस कारण बड़े वाहनों की आवाजाही बंजार से जिभी के लिए लगभग एक सप्ताह से बंद है। बसों को भी वाया खुंदन-बरठीधार की तरफ से जिभी भेजा जा रहा है। अब इस सड़क की खराब हालत के चलते बीते दिनों भी एचआरटीसी की बस कीचड़ में फंस गई थी। ग्रामीणों ने धक्का मारकर उसे निकाला था। इस समस्या को लेकर सोमवार को लटीपरी के पास स्थानीय युवक सड़क उतर गए और वाहनों और बसों की आवाजाही रोक दी।
रोजाना गुजरते हैं कई वाहन, हो सकता हैं हादसा
खुंदन-बरठीधार-जिभी सड़क पर रोजाना कई वाहन और बसें आवाजाही करती हैं। सड़क की खराब हालत चलते यहां कभी भी बड़ा हादसा पेश आ सकता है। ऐसे में सड़क की हालत पर लोक निर्माण विभाग और प्रशासन को ध्यान देना चाहिए। उधर, लोक निर्माण विभाग बंजार के अधिशासी अभियंता चमन ठाकुर ने कहा कि मौसम साफ होते ही सड़क की हालत को सुधारा जाएगा।
एक घंटा देरी से बंजार पहुंचीं बसें
खुंदन-बरठीधार-जिभी सड़क को पक्का करने की मांग को लेकर युवाओं ने परिवहन निगम की चार बसें रोकी हैं। सभी बसें एक घंटा देरी से बस स्टैंड पहुंचीं। बंजार के छेत गांव के समीप सड़क का डंगा गिरने के कारण सप्ताह से बसों को वाया खुंदन-बरठीधार होकर जिभी भेजा जा रहा है।
- ओमी ठाकुर, बंजार बस अड्डा प्रभारी