संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। चार जिलों के मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने वाले कुल्लू अस्पताल में आठ माह बाद मरीजों के अल्ट्रासाउंड सोमवार से फिर शुरू हो गए हैं। रेडियोलॉजिस्ट ने सोमवार से अस्पताल में सेवाएं देनी शुरू कर दी हैं। इसकी मरीजों को सुविधा मिल रही है।
जिला अस्पताल में पहले दिन सोमवार को 30 मरीजों के अल्ट्रासाउंड हुए हैं। मरीज सुबह ही अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए अस्पताल पहुंच गए। सुबह 10:00 से अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए मरीज रेडियोलॉजिस्ट ओपीडी के बाहर पहुंचे और क्रमवार भीतर गए।
अब ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उनके अल्ट्रासाउंड क्षेत्रीय अस्पताल में ही होंगे। इससे पैसे की बचत भी होगी। जिला अस्पताल में शुक्रवार को रेडियोलॉजिस्ट ने ज्वाइन किया है। बता दें कि जिला अस्पताल कुल्लू में पिछले आठ माह से रेडियोलॉजिस्ट न होने से मरीजों को परेशान होना पड़ रहा था। मरीज निजी अस्पतालों में 1,500 से 1,800 रुपये चुकाकर अपना अल्ट्रासाउंड करवाने को मजबूर हो गए थे। हालांकि सरकारी अस्पताल में गर्भवती महिलाओं, आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीजों समेत आयुष्मान और हिमकेयर योजनाओं आदि के लाभान्वितों के अल्ट्रासाउंड निशुल्क किए जाते हैं। इसके अलावा आरकेएस स्कीम के तहत सरकारी अस्पतालों में 500 रुपये में अल्ट्रासाउंड होता है। कई बार तो दुर्गम क्षेत्रों के मरीज अस्पताल से निराश होकर घर लौट जाते थे, लेकिन अब रेडियोलॉजिस्ट के आने के बाद मरीजों का मर्ज काफी हद तक कम होगा।
धूल से मशीन जाम, पहले दिन हुई परेशानी
आठ माह से ओपीडी के भीतर रेडियोलॉजिस्ट मशीन बंद रहने के कारण उसमें धूल जम गई थी। इससे पहले दिन मशीन में थोड़ी खराबी आती रही। ऐसे में संबंधित रेडियोलॉजिस्ट को भी कसरत करनी पड़ी। हालांकि सभी मरीजों के अल्ट्रासाउंड हुए हैं। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद शर्मा ने कहा कि रेडियोलॉजिस्ट ने सेवाएं शुरू कर दी हैं।